
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में कटरा-श्रीनगर रेल मार्ग पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही पहली ट्रेन श्रीनगर से कटरा के लिए रवाना हुई और आज आम यात्रियों ने इसका सफर किया।
यात्रियों की पहली प्रतिक्रिया: ‘सुविधाजनक और समय की बचत’
इस ट्रेन में यात्रा करने वाले लोगों ने खुशी जताते हुए कहा कि यह सेवा हवाई जहाज का बेहतर विकल्प बनकर सामने आई है। यात्रियों ने इसे एक किफायती, तेज़ और आरामदायक साधन बताया।
पर्यटन को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
यात्री महेश कुमार ने बताया, “यह पर्यटकों, कामकाजी लोगों और आम यात्रियों के लिए बहुत अच्छी सुविधा है। यह हवाई यात्रा की तुलना में भी समय बचाती है और ज्यादा सुविधाजनक है। इससे निश्चित तौर पर कश्मीर के पर्यटन में बढ़ोतरी होगी।”
महिलाओं और बच्चों के लिए यात्रा होगी और आसान
यात्रियों का कहना है कि वंदे भारत की सुविधा से महिलाएं और बच्चे भी अब आसानी से सफर कर सकेंगे। सुरक्षित, तेज़ और आरामदायक होने के चलते यह परिवारों के लिए बेहद उपयुक्त सेवा बन गई है।
वर्षों पुराना सपना हुआ पूरा
श्रीनगर से कटरा जा रही यात्री नीतू कपूर ने कहा, “हम सालों से कश्मीर में वंदे भारत ट्रेन की उम्मीद कर रहे थे। पीएम मोदी ने यह सपना साकार कर दिया है। पहले जो सफर छह घंटे में होता था, अब सिर्फ तीन घंटे में पूरा हो रहा है।”
क्या है वंदे भारत का टाइम टेबल?
ट्रेन 26041 – सुबह 8:10 बजे कटरा से चलेगी, 10:00 बजे बनिहाल और 11:10 बजे श्रीनगर पहुंचेगी
ट्रेन 26403 – दोपहर 2:55 बजे कटरा से चलेगी, शाम 6:00 बजे श्रीनगर पहुंचेगी
ट्रेन 26402 (वापसी) – दोपहर 2:00 बजे श्रीनगर से रवाना, 5:05 बजे कटरा पहुंचेगी
ट्रेन 26404 (वापसी) – सुबह 8:00 बजे श्रीनगर से रवाना, 11:05 बजे कटरा पहुंचेगी
किराया कितना है?
चेयर कार: ₹715 (सभी टैक्स सहित)
एग्जीक्यूटिव क्लास: ₹1320
अब जम्मू-कश्मीर में चलेंगी चार वंदे भारत ट्रेनें
श्रीनगर-कटरा मार्ग पर दो नई वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू होने के बाद जम्मू-कश्मीर में अब कुल चार वंदे भारत ट्रेनों का संचालन हो रहा है। इससे पहले दो ट्रेनें नई दिल्ली और कटरा के बीच चल रही थीं।