
नई दिल्ली: गुरुवार को अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 टेकऑफ के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में सवार 204 लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिस कमिश्नर ने इस हादसे को बेहद भयावह बताते हुए कहा कि “किसी के बचने की संभावना नहीं है।”
झुलसे शवों की पहचान बनेगी चुनौती, डीएनए से होगी पुष्टि
घटनास्थल से अब तक 100 शव बरामद किए गए हैं, लेकिन ज्यादातर शव इतने बुरी तरह जल चुके हैं कि उनकी शिनाख्त संभव नहीं हो पा रही है। अब डीएनए टेस्ट के ज़रिए मृतकों की पहचान की जाएगी।
पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी थे सवार
इस विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी मौजूद थे। वे अपने परिवार से मिलने लंदन जा रहे थे। विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली, और 1 कनाडाई नागरिक भी शामिल थे।
डीएनए सैंपल देने की विशेष व्यवस्था
स्वास्थ्य प्रमुख सचिव धनंजय द्विवेदी ने जानकारी दी कि मृतकों की पहचान के लिए अहमदाबाद सिविल अस्पताल के कसोटी भवन में डीएनए सैंपल कलेक्शन की व्यवस्था की गई है। मृतकों के माता-पिता या बच्चे डीएनए सैंपल दे सकते हैं।
आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी
अहमदाबाद सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ने घटना के बाद मृतकों या घायलों से संबंधित जानकारी के लिए आपातकालीन नंबर जारी किए हैं, ताकि परिजन त्वरित सहायता और जानकारी प्राप्त कर सकें।