
नई दिल्ली: भारत ने दक्षिण कोरिया के गुमी शहर में चल रही 26वीं एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दमदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इन जीतों के साथ भारत की कुल पदक संख्या 18 हो गई है और भारत मेडल टैली में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।
18 साल की पूजा ने 25 साल का सूखा किया खत्म
हरियाणा के बोस्ती गांव की 18 वर्षीय पूजा सिंह ने महिलाओं की ऊंची कूद स्पर्धा में 1.89 मीटर की व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर गोल्ड मेडल जीता। पूजा की यह जीत ऐतिहासिक रही क्योंकि उन्होंने इस स्पर्धा में भारत को 25 साल बाद गोल्ड दिलाया। इससे पहले भारत को आखिरी स्वर्ण 2000 में मिला था।
गुलवीर सिंह का तेज़ प्रदर्शन, 5000 मीटर में गोल्ड अपने नाम किया
उत्तर प्रदेश के गुलवीर सिंह ने 5000 मीटर रेस में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 13:24.77 मिनट में दौड़ पूरी की और स्वर्ण पदक जीत लिया। थाईलैंड के कीरन टुनटिवेट उन्हें कड़ी टक्कर देते हुए 13:24.97 के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे।
नंदिनी अगासरा ने हेप्टाथलॉन में पलटी बाज़ी
तेलंगाना की नंदिनी अगासरा ने महिलाओं की हेप्टाथलॉन स्पर्धा में अंतिम क्षणों में शानदार वापसी करते हुए 5,941 अंकों के साथ गोल्ड मेडल जीता।
अंतिम 800 मीटर की रेस में उन्होंने 885 अंक अर्जित किए और चीन की लियू जिंगयी को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया।
भारत की बढ़ती ताकत का सबूत बना चैंपियनशिप प्रदर्शन
भारत के खिलाड़ियों ने इस चैंपियनशिप में न केवल पदक जीते, बल्कि महाद्वीपीय मंच पर नया आत्मविश्वास और दृढ़ता भी दिखाया है। इन उपलब्धियों से यह स्पष्ट है कि भारतीय एथलीट अब केवल भाग लेने नहीं, बल्कि जीतने के इरादे से उतरते हैं।