
नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता आदित्य रॉय कपूर हाल ही में एक अजीब स्थिति का शिकार हो गए, जब एक महिला फैन उनसे मिलने की जिद में उनके घर तक पहुंच गई।
यह घटना सलमान खान की सुरक्षा में सेंध के कुछ ही दिनों बाद सामने आई है, जिससे फिर एक बार सेलेब्रिटीज की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं।
26 मई की शाम को, जब आदित्य रॉय कपूर शूटिंग में व्यस्त थे, तभी एक महिला उनके घर 2-3 बैग लेकर पहुंची। डोरबेल बजाने पर हाउस हेल्पर संगीता पवार ने दरवाजा खोला।
महिला ने पूछा कि क्या यह आदित्य रॉय कपूर का घर है। चूंकि वह पेशेवर दिख रही थी, संगीता को लगा कि वह शायद कोई फैशन डिजाइनर हो सकती है, इसलिए उसने उसे अंदर आने दिया।
“मैं हमेशा यहीं रहूंगी” – फैन का अजीब दावा
आदित्य रॉय कपूर के लौटने पर महिला ने खुद को उनका फैन बताया और कहा कि वह उनसे मिलने आई है। जब एक्टर ने उसे घर छोड़ने को कहा, तो उसने मना कर दिया और दावा किया कि वह हमेशा वहीं रहेगी। स्थिति बिगड़ती देख, घर के स्टाफ ने सिक्योरिटी और पुलिस को बुलाया।
पुलिस ने किया गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा हिरासत में
खार पुलिस मौके पर पहुंची और महिला कांस्टेबल की सहायता से उसे हिरासत में लिया गया। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। महिला की पहचान गजाला करिया सिद्दीकी (47), निवासी दुबई के रूप में हुई।
उसके खिलाफ बीएनएस एक्ट की धारा 331(2) के तहत केस दर्ज किया गया और कोर्ट ने उसे एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
महिला ने क्या कहा अपनी सफाई में?
पुलिस पूछताछ में सिद्दीकी ने बताया कि वह आदित्य रॉय कपूर की बहुत बड़ी प्रशंसक है और सोशल मीडिया के जरिए उनकी दिनचर्या पर नज़र रखती थी।
उसने कहा कि वह सिर्फ मिलने आई थी और उसके इरादे गलत नहीं थे। खास तौर पर ‘आशिकी 2’ फिल्म ने उसे काफी प्रभावित किया था, जिसकी वजह से वह मुंबई तक चली आई।
सेलेब्रिटी सुरक्षा पर फिर उठा सवाल
यह घटना उस समय सामने आई है जब हाल ही में सलमान खान की सुरक्षा में भी सेंध लगी थी। फैंस द्वारा इस तरह की हरकतें न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि सेलेब्रिटीज की निजी सुरक्षा को भी खतरे में डालती हैं।