
नई दिल्ली : सेहतमंद जीवनशैली के लिए कई फूड आइटम को सुपरफूड का दर्जा दिया गया है। हालांकि, सिर्फ एक ही फूड को अच्छी सेहत या बीमारी से बचाव का मुख्य आधार नहीं माना जा सकता। इसलिए यह जानना जरूरी है कि आखिर किन गुणों के कारण कोई फूड सुपरफूड कहलाता है और उससे सेहत को क्या-क्या लाभ मिलते हैं।
1. आंवला
आंवला का खट्टा और कसैला स्वाद इसे खास बनाता है। इसमें भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन सी होता है, जो इम्युनिटी को मजबूत बनाता है। यह शरीर को डिटॉक्स करता है, जिससे त्वचा और पाचन तंत्र स्वस्थ रहते हैं। भारत में आंवले के पेड़ की पूजा करने की परंपरा भी है।
2. मोरिंगा
मोरिंगा को भारत में सहजन या मुनगा के नाम से भी जाना जाता है। इसके पत्तों में विटामिन ए, सी, ई, कैल्शियम, पोटेशियम और प्रोटीन प्रचुर मात्रा में होते हैं। इसके एंटीऑक्सीडेंट गुण त्वचा और बालों के लिए फायदेमंद माने जाते हैं। यह लिवर और हृदय स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है। मोरिंगा पाउडर को स्मूदी, सूप या चाय में मिलाकर भी सेवन किया जा सकता है।
3. नारियल
नारियल में हेल्दी फैट्स, विटामिन और मिनरल्स (जैसे मैग्नीशियम, कॉपर, आयरन) होते हैं। इसमें मीडियम चेन ट्राइग्लिसराइड्स होते हैं, जो हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं। नारियल का पानी शरीर को हाइड्रेट रखता है, जबकि नारियल तेल खाना पकाने में उपयोगी है। कोकोनट मिल्क का उपयोग सूप, स्मूदी और थाई करी में होता है।
4. रागी
रागी एक पौष्टिक अनाज है जिसमें कैल्शियम, आयरन और डाइटरी फाइबर प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। यह हड्डियों की मजबूती और हृदय स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है। साथ ही, इसका लो ग्लाइसेमिक इंडेक्स शुगर लेवल को नियंत्रित रखने में मदद करता है। इसमें मौजूद अमीनो एसिड इसे प्रोटीन का अच्छा स्रोत बनाते हैं।
5. हल्दी
हल्दी भारतीय खानपान का अहम हिस्सा है और इसके डिटॉक्सिफाइंग गुण इसे खास बनाते हैं। यह हृदय स्वास्थ्य को बढ़ावा देती है और कुछ शोधों में इसे कैंसर से लड़ने में सहायक भी माना गया है।
6. मखाना
मखाना एक पौष्टिक स्नैक है जो हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है। इसमें एंटी-एजिंग गुण भी होते हैं और इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, जिससे यह डायबिटीज मरीजों के लिए भी अच्छा विकल्प है।
7. बादाम और अखरोट
रोजाना 4-5 भीगे बादाम खाना सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है। इनमें विटामिन ए, सी, कैल्शियम, आयरन और प्रोटीन होते हैं। वहीं अखरोट में ओमेगा-3 फैटी एसिड और फाइबर होते हैं, जो हृदय और मस्तिष्क स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं।
सुपरफूड्स का नियमित सेवन शरीर को पोषण देने के साथ-साथ इम्युनिटी को भी मजबूत बनाता है। हालांकि, इनका सेवन संतुलित मात्रा में करना ही फायदेमंद होता है।